जयपुर। शस्त्र और शास्त्र के महान ज्ञाता चिंरजीवी भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव अक्षय तृतीया को धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों और ब्राह्मण समाज के संगठनों के कार्यालयों में भगवान परशुराम जी का पंचामृत अभिषेक कर महाआरती की गई। विप्र बंधुओं ने अपने आराध्य के जन्मोत्सव पर गायों को गुड़-चारा खिलााया और पक्षियों के लिए जगह-जगह परिंडे बांधे। घरों में भी भगवान परशुराम जी की आरती उतार कर शाम को दीपदान किया गया। मुख्य आयोजन विद्याधर नगर के भगवान परशुराम सर्किल पर हुआ।
सुबह भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना कर हवन किया गया। वहीं शाम को महाआरती के साथ भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में संत-महंत, विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारी, राजनेता, अधिकारी, समाजसेवी और आम लोग उत्साह के साथ शामिल हुए। जय श्री राम, भगवान परशुराम की जय और भारत माता के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा में लहराते भगवा ध्वज के कारण शोभायात्रा मार्ग भगवामय हो गया। एक ही वेशभूषा में मातृ शक्ति भजनों की स्वर लहरियां बिखेरती चल रही थीं। सजे-धजे हाथी , ऊंट, घोड़े शोभायात्रा में चार चांद लगा रहे थे। बैंड की धुन पर युवा जोश थिरक रहा था।
रैली में शामिल सभी लोग के हाथ में भगवान परशुराम जी का भगवा ध्वज थामे चल रहे थे। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और आरती उतार कर स्वागत किया गया। मार्ग में रंगीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। राजस्थान ब्राह्मण महासभा, विप्र फाउंडेशन, सर्व ब्राह्मण महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, विप्र सेना, ब्राह्मण समाज राजस्थान, गौड़ ब्राह्मण महासभा, गौड़ विप्र समाज जयपुर, परशुराम सेना सहित ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शोभायात्रा में शामिल हुए।
अल्का सिनेमा, रोड नम्बर दो, लाल डिब्बा चौराहा होते हुए शोभायात्रा मुरलीपुरा सर्किल पहुंची तो यहां सर्व समाज ने भगवान परशुराम जी की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यहां से केडिया पैलेस चौराहा होते हुए शोभायात्रा रामेश्वरधाम स्थित गौड़ विप्र समाज भवन पहुंची। यहां भगवान परशुरामजी की संगीतमय आरती उतारी। हजारों की संख्या में विप्र बंधुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। सुधीर शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, गोपाल शर्मा, बजरंग शर्मा, दीपक शर्मा, जय कृष्ण चूलेट, राजेश कौशिक, विद्याधर शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, विनोद शर्मा, सुभाष शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, काशीनाथ, विनोद दत्त शर्मा, विनोद शर्मा, मनोज शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, दिनेश शर्मा सहित अनेक विप्र बंधुओं ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभाली।