जयपुर। जगतपुरा स्थित गुप्त वृंदावन धाम नए वर्ष पर साल का सबसे बड़ा आयोजन करने जा रहा है। श्री श्री कृष्ण बलराम नव वर्ष में दो जनवरी को जनमानस पर आशीर्वाद बरसाने के लिए गुलाबी नगरी में रथ यात्रा पर निकलेंगे। पूरा जयपुर हरिनाम संकीर्तन की धुन पर भाव विभोर होकर नृत्य करेगा। दो जनवरी, गुरुवार को अपराह्न 3 बजे गुप्त वृन्दावन धाम की शोभायात्रा का शुभारंभ चांदनी चौक स्थित श्री आनंद कृष्ण बिहारी जी के मंदिर से होगा।
गाजेबाजे के साथ शोभायात्रात्रिपोलिया गेट, चौड़ा रास्ता, बापू बाजार, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़ से वापस त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया गेट से होते हुए पुन: श्री आनंद कृष्ण बिहारी जी मंदिर पर समाप्त होगी।
गुप्त वृन्दावन धाम की शोभायात्रा के लिए श्री कृष्ण बलराम के रथ को विशेष रूप से तैयार किया गया है। इस रथ पर जयपुर के महलों पर दिखने वाली सुनहरी नक्काशी की गई है। रथ को जयपुर के कारीगरों ने ही तैयार किया गया। श्री कृष्ण बलराम के रथ को बेंगलुरु, दिल्ली, वृंदावन से मंगवाए विशेष फूलों से सजाया जाएगा। गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि नए वर्ष के पहले दिन मंदिर भक्तों के लिए दिन भर खुला रहेगा।