जयपुर। आधुनिक भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयंती शुक्रवार को धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर पुष्पाजंलि कार्यक्रम हुए। स्वेज फार्म स्थित सावित्री बाई फुले सर्किल पर मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने सावित्री बाई के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित करने के बाद चौराहे पर सावित्री बाई की छह फीट की प्रतिमा स्थापित करवाने और चौराहे के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। गोपाल शर्मा ने कहा कि समाज सुधार और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में सावित्री बाई का योगदान अविस्मरणीय है।
विधायक शर्मा ने नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया। शिविर का आयोजन सिविल राइट्स सोसायटी, जयपुर और पुष्पा देवी ब्लड बैंक चेरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर पार्षद रवि प्रकाश सैनी, भाजपा प्रवक्ता अशोक सैनी, सोसायटी के अध्यक्ष एडवोकेट मनफूल सैनी, अशोक भादरा, डॉ अपूर्वा सिंह, शीला सैनी, देवेंद्र कच्छवाहा, ओम राजोरिया समेत माली-सैनी समाज के लोगों ने श्रद्धांजलि दी।