जयपुर। टोंक रोड पर पिंजरापोल गौशाला के पास एक तेज रफ्तार मिनी बस ने सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। इससे महिला की मौत हो गई। हादसे की जांच दुर्घटना थाना पुलिस पूर्व कर रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को करीब 4.50 बजे एक 55 वर्षीय महिला रघुनाथपुरी प्रथम के पास सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान मिडी बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है।
जांच अधिकारी एएसआई ईश्वर ने बताया कि हादसे की शिकार महिला की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी है। हादसे के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है। बस को जब्त कर लिया गया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, दिल्ली रोड पर हादसा
दिल्ली रोड पर सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। मामले की जांच दुर्घटना थाना पुलिस उत्तर कर रही है। पुलिस के अनुसार दिल्ली रोड पर गलतागेट थाने के पास शाम करीब साढ़े 6 बजे एक वाहन ने राहगीर को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। हिट एण्ड रन मामले में वाहन चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में रहिमन कॉलोनी गलतागेट निवासी 62 वर्षीय सागीर अहमद की मौत हो हुई है। सागीर पैदल ही बाजार से घर लौट रहा था इसी दौरान यह हादसा हो गया।