जयपुर। अशोक नगर थाना इलाके में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से दो लाख रुपए से ज्यादा की राशि ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार विनोबा कॉलोनी निवासी मदन सिंह ने मामला दर्ज करवाया कि किसी ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग कर पार्ट टाइम इनकम करने का झांसा दिया। इस पर पीड़ित ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में रुपए लगाना शुरू कर दिया।
शुरू में उसे लाभ मिला। इससे उसे लालच आया गया। इसके बाद उसने लगातार निवेश करना जारी रखा। पीड़ित ने कई बार में 213086 रुपए का निवेश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे रुपए देना बंद कर दिया। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टास्क पूरा करने के नाम पर विधवा महिला से ठगी
आदर्श नगर थाना इलाके में एक विधवा महिला से एप डाउनलोड करवा कर निवेश करने पर लाभ का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार गुरु नानक पुरा राजापार्क निवासी 50 वर्षीय दीप्ति परनामी ने मामला दर्ज करवाया कि उसके पास किसी ने कॉल किया और उसके मोबाइल पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक कर निवेश करने पर मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इस पर महिला ने लालच में आकर उसमें निवेश करना शुरू कर दिया।
शुरू में तो उसे आरोपियों ने मुनाफे की राशि दी। इसके बाद वह लगातार टास्क पूरा करते हुए करीब दो लाख रुपए का निवेश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे रुपए देना बंद कर दिया। आरोपियों ने उसे डराने का भी प्रयास किया। ठगी का अहसास होने पर उसने निवेश करना बंद कर दिया और पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।