जयपुर। सिंवार मोड़ के निकट सिरसी रोड के निमेड़ा में चलती कार में आग गई। कार सवार 5 जनों ने कूदकर जान बचाई। सूचना पर बिंदायका फायर स्टेशन से 1 दमकल व बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग बुझाने के प्रयास किए गए। इस कार में दूल्हा भी सवार था। जिसने भी कार से कूदकर अपनी जान बचाई।
पुलिस के अनुसार कार में पांच जने धानक्या से निमेड़ा एक शादी समारोह में जा रहे थे। कार में दूल्हा भी बैठा था। इसी दौरान निमेड़ा बस स्टैंड के पास कार के बोनट में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद चालक ने तेजी से ब्रेक लगाए और उसे साइड में किया। इसके बाद तुरंत कार का दरवाजा खोलकर बाहर कूद गया। तेज आग लगने पर कार में सवार अन्य लोग भी कार से भाग छूटे। कार का आगे का हिस्सा जलकर खाक हो गया।
रिंग सेरेमनी का था आज प्रोग्राम, रास्ते में जाते समय लगी आग
दूल्हा अशोक छेड़वाल मुंडिया रामसर के रहने वाले हैं। कार में दूल्हा के मामा हनुमान सहाय व रिश्तेदार सवार थे। वे मंगलवार दोपहर कार से निमेड़ा में कार्यक्रम में जा रहे थे। तभी करीब सवा बजे कार में आग लग गई। शादी एक मार्च को होगी। आग लगने का कोई कारण अभी तक सामने नहीं आया है। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लग सकती है। मंगलवार को रिंग सेरेमनी व भात का प्रोग्राम था। दूल्हा अपने घर से निमेड़ा में मैरिज स्थल जा रहा था। तभी रास्ते में 1.15 बजे कार में आग गई। कार में सवार पांच जनों ने कार से निकलकर अपनी जान बचाई।
चलती कार पर पलटी पत्थरों से भरी ट्रॉली
बस्सी थाना इलाके में खोखावाला बस स्टैंड के पास मंगलवार पत्थरों से भरी ट्रॉली एक कार पर जा गिरी। ट्रॉली गिरने से कार का अधिकांश हिस्सा पत्थरों से दब गया। इस पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और पेट्रोलिंग व्हीकल को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन को मौके पर बुलाकर पत्थरों का ट्रैक्टर कार के ऊपर से हटाया। गनीमत रही की इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई गम्भीर चोट नहीं लगी।
पुलिस के अनुसार बस्सी के खोखावाला बस स्टैंड के पास मंगलवार दोपहर को पत्थरों से भरी ट्रॉली एक कार के ऊपर जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कार चला रहे युवक ने कार से निकल कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रॉली को हटाया गया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ।
बताया जा रहा है कि पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली दौसा से जयपुर की ओर जा रही थी। इस दौरान एक कार भी उसके बगल से जयपुर की ओर जा रही थी। दोनों ही वाहन गलत दिशा में चल रहे थे। खोखावाला बस स्टेंड के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। पत्थरों से भरी ट्रॉली कार पर जा गिरी। पुलिस व पेट्रोलिंगकर्मियो ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में करवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।