जयपुर। खाली प्लाट में शुक्रवार शाम मानव भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। कचरे के ढेर में भ्रूण को फेंका गया था। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भ्रूण को महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तलाश शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस उप निरीक्षक अलीमुद्दीन खान ने बताया- महावीर नगर टोंक रोड स्थित एक खाली प्लाट में मानव भ्रूण मिला है। खाली प्लाट पड़ा होने के कारण स्थानीय लोग उसमें कचरा डाल देते है। खाली प्लाट में कचरे के ढेर में अज्ञात परिजनों ने भ्रूण फेंक दिया। शाम करीब 5 बजे कचरा फेंकने जाने पर ढेर में मानव भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। मानव भ्रूण मिलने का पता चलने पर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। मालपुरा गेट थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची।
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस का कहना है कि भ्रूण करीब 4 महीने का है। गर्भपात होने के बाद अज्ञात परिजनों ने भ्रूण को कचरे के ढेर में फेंक दिया। पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ अज्ञात परिजनों की तलाश कर रही है।