कम पैसों में प्रकृति का भरपूर आनंद लेना चाहते हैं तो आप मणिपुर जा सकते हैं। मणिपुर साफ-सुथरा और सुंदर शहर है, यहां की मशहूर लोकटक झील कीबुल लामजाओ नेशनल पार्क का हिस्सा है। यह पार्क खास तरह के बारहसिंगों का प्राकृतिक घर है।
सुंदर कपाल वाले ये बारहसिंगे केवल मणिपुर में ही पाए जाते हैं। इन्हें यहां सांगाई कहा जाता है। पर्यटन विभाग की ओर से झील के किनारे सेंद्रा पहाड़ी पर झोपड़ियां बनाईं गईं हैं, लेकिन अधिकांश पर्यटक झील में तैरते बायोमास पर बनी निजी झोपड़ियों में रहना पसंद करते हैं या फिर छप्पर की बनी सरायों में रहते हैं। यहां आकर आप झील में डोंगी सवारी और वाटर स्पोर्ट्स का भरपूर मजा ले सकते हैं।
आप यहां घूमने के लिए आते हैं तो आप विशिष्ट बारहसिंगों के अलावा यहां विभिन्न देशों से आए हजारों पक्षियों को देख सकते हैं और उनकी चहचहाट सुन सकते हैं। यहां आने के बाद आप यहां के मशहूर फूल शिरॉय लिली को देखने के लिए उखरुल भी जा सकते हैं। इस फूल की खासियत है कि यह शिरॉय की पहाड़ियों के अलावा कहीं और नहीं पनप पाते हैं।