जयपुर। गायत्री करधनी महिला मंडल की ओर से कालवाड़ रोड करधनी स्थित आर्यावर्त इंटरनेशनल योगा सेंटर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ के मुख्य ट्रस्टी धर्म सिंह राजावत के सान्निध्य में प्रहलाद शर्मा और राजेन्द्र सैनी ने विधि विधान से दीपयज्ञ संपन्न करवाया।
प्रारंभ में वेदमाता गायत्री और गुरु सत्ता का पंचोपचार पूजन किया गया। सैंकड़ों की संख्या में दीप प्रज्जवलित कर अक्षत से विश्व कल्याण की मंगल कामना के साथ आहुतियां प्रदान की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंदी शर्मा ने गर्भ संस्कार के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस मौके पर जन्मदिवस और विवाह दिवस संस्कार भारतीय संस्कृति के अनुसार मनाए गए। इस अवसर पर कुसुम सिंघल, लक्ष्मी कुमावत, बीना कुमावत, मोनिका शर्मा, रंजना शर्मा, नव्या, रूबी सहित अनेक महिलाओं ने आयोजन को सफल बनाया।