जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में एक शातिर बदमाश ने कार का कांच खटखटा कर उसमें रखा आईफोन चुरा लिया और मौके से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल रामवीर के अनुसार नाबार्ड कर्मचारी सचिन बाडेटिया ने मामला दर्ज कराया है कि वह 17 जनवरी को सुबह अपने दफ्तर जा रहा था। इसी दौरान टोंक फाटक पुलिया पर अधिक ट्रेफिक में कार धीरे-धीरे पुलिया के नीचे उतर रही थी। तभी एक बदमाश ने लैफ्ट खिड़की पर आकर कांच को जोर-जोर खटखटाना शुरु कर दिया।
पीड़ित ने खिड़की का कांच नीचे उतार कर कांच खटखटाने का कारण पूछा तो शातिर बदमाश ने खुद का पैर कार के टायर के नीचे आने का बहाना बनाया और कार सही से चलाने के लिए कहा। तभी पीड़ित ने कार रोक कर उसे गाड़ी में बैठने और डॉक्टर के पास चलने को कहा। इसी दौरान राइड साईड वाली खिड़की पर एक युवक आया और कांच पर जोर-जोर से मारना शुरु कर दिया। उसने कार सही से चलाने की नसीहत दी।
कुछ देर कहा सुनी होने के बाद दोनो बदमाश मौके से चले गए। पीड़ित जैसे ही अपने दफ्तार पहुंचा और लैफ्ट साइड सीट पर रखा अपना आईफोन संभाला तो उसे मोबाइल फोन नहीं मिला। जिसके बाद उसने थाने पहुंच अज्ञात दोनो बदमाशों के खिलाफ मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।