जयपुर। प्रताप नगर थाना इलाके में लिव-इन पार्टनर द्वारा एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शादी का वादा कर दुष्कर्म के साथ आरोपी ने पांच लाख रुपए भी ऐंठ लिए। बेटी के जन्म के बाद महिला को बिना बताए छोड़कर भाग गया। थाने में पीड़िता ने आरोपी लिव-इन पार्टनर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
थानाधिकारी (प्रताप नगर) जहीर अब्बास ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी 26 साल की युवती ने मामला दर्ज करवाया कि साल-2019 से वह लिव-इन-रिलेशनशिप में आरोपी के साथ रह रही है। लिव-इन पार्टनर ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। शादी का झांसा देकर लगातार देह शोषण करने लगा। देहशोषण के दौरान बहाने बनाकर करीब 5 लाख रुपए भी ऐंठ लिए। बच्ची के जन्म होने के बाद भी जल्द शादी करने का आश्वासन देता रहा। दूसरी महिला से अवैध संबंध का पता चलने पर झगड़ा होने लगा। इस पर वह बिना बताए मां-बेटी को छोड़कर भाग निकला। धोखे का एहसास होने पर पीड़िता ने प्रताप नगर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म
मुहाना थाना इलाके में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बातचीत के दौरान पूछने पर आरोपी ने धर्म-पहचान छिपाकर दोस्ती कर ली। घर मिलने आने पर शादी का वादा कर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
जांच थानाधिकारी (मुहाना) गौतम डोटासरा ने बताया कि मुहाना निवासी 26 वर्षीय युवती ने मामला दर्ज करवाया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। जनवरी-2024 में सोशल मीडिया के जरिए अर्श नाम का लड़का सम्पर्क में आया था। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे एमआईटी यूनिवर्सिटी जयपुर में लॉ स्टूडेंट होना बताया। आरोप है कि बातचीत के दौरान पूछने पर भी धर्म-पहचान और परिवार के बारे में छिपाकर दोस्ती कर ली। 27 जनवरी को मिलने के बहाने घर आया। घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की।
विरोध करने पर शादी का वादा कर दुष्कर्म किया। मिलने के बहाने आकर कई बार शारीरिक संबंध बनाता रहा। धीमे-धीमे बातचीत बंद कर दूरी बनाने लगा। शादी करने का दबाव बनाने पर खुद का नाम अर्श खान और परिवार के बारे में बताया। 3 फरवरी को उसके मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
नाबालिग से जीजा-साले ने किया नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म
गांधी नगर थाना इलाके में एक नाबालिग से जीजा-साले द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। एक आरोपी पुलिस में कांस्टेबल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी ने मामला दर्ज करवाया कि कोटपूतली में वह किसी काम से गई थी। वहां पर उसकी दोस्ती पवन से हो गई। पवन ने 12 नवम्बर 23 को उसे मिलने बुलाया।
आरोपी उसे गांधी नगर स्थित क्वार्टर में ले गया। वहां पर आरोपी और उसके जीजा नीरज ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस पर वह कुछ दिन शांत रही। गुमसुम रहने पर परिजनों ने उसे पूछा तो पीडित ने सारी घटना बताई। इस पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया।
गांधी नगर एसीपी संदीप सारस्वत ने बताया कि पीडिता 10वीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी पवन से उसकी मुलाकात कोटपुतली में एक कार्यक्रम में हुई थी। आरोपी पवन को पकड़कर पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं आरोपी नीरज पवन का जीजा है। वह पुलिस में कांस्टेबल पद पर कार्यरत है। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। नीरज पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व कार्यालय में तैनात है। हालांकि अभी तक की जांच में नीरज की इस मामले में कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
पिता पर 12 साल की बेटी से दुष्कर्म का आरोप
भट्टा बस्ती थाना इलाके में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ 12 साल की बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच थानाधिकारी कैलाश विश्नोई के अनुसार मूलतः बिहार निवासी एक महिला वर्तमान में भट्टा बस्ती में रहती है। उसने मामला दर्ज करवाया कि उसके पति पिछले दो माह से उसकी 12 साल की बेटी से गलत काम कर रहे है। बेटी के गुमसुम रहने पर जब उसने पूछा तो इस घटना की जानकारी मिली। आरोपी उसके साथ पर भी गलत व्यवहार कर रहा है। बेटी के साथ गलत करने जब उसे रोका गया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।