जयपुर। बिंदायका थाना इलाके में दो दिन पहले लहूलुहान हालत में मिली 15 साल की नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने नीमच (एमपी) के एक युवक अर्जुन प्रजापति (19) को रेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ही नाबालिग को नीमच से भगाकर जयपुर लाया था। यहां दोनों नीमेड़ा (जयपुर) में किराए पर रहे रहे थे। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिवार के आने के बाद मृतका का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बिंदायका थाना सीआई भजनलाल ने बताया कि एमपी के युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। 14 जून को दोपहर 3 बजे दोनों के बीच में विवाद हुआ था। आरोपी अर्जुन ने नाबालिग लड़की के सिर पर तवे से हमला कर दिया। इससे नाबालिग गम्भीर रूप से घायल हो गई थी। नाबालिग को मरा हुआ समझ कर आरोपी मौके से भाग निकला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर गई तो किशोरी की सांस चल रही थी। इस पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। रविवार सुबह 4 बजे किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बिंदायका थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वहीं मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी हैं।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह घर से बाहर जाने के लिए निकला था। नाबालिग उसे बार-बार रोक रही थी। इसके कारण उसे गुस्सा आ गया था। इस पर दोनों के बीच बहस हुई। आरोपी ने तवे से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से नाबालिग जमीन पर गिर गई। इसके बाद रात को वापस घर आया तो उसे पता चला कि उसकी नाबालिग बेहोश हो गई थी। इस पर वह एसएमएस अस्पताल पहुंचा। यहां पर पुलिस ने पकड़ लिया।
मृतका और आरोपी दोनों नीमच के रहने वाली है। दोनों 10 जून को ही नीमच से जयपुर आए थे। युवक यहां पर पहले से घरों में पुट्टी लगाने का काम करता था। नाबालिग के परिवार ने नीमच में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।