जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और एक समर्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए रविवार को बनीपार्क धर्मार्थ संस्थान में गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि यूडीएच मंत्री झाबरमल खर्रा थे। अध्यक्षता जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने की। आयोजक सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा थे।
तीनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए मां गायत्री का पूजन किया। इससे पूर्व वेदमाता, युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य, मां भगवती देवी शर्मा सहित प्रमुख देवी देवताओं का आह्वान कर पूजन किया गया। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के चहुमुखी विकास के लिए सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने गायत्री एवं महामृत्युंजय महामंत्र के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां अर्पित की। गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ और गायत्री चेतना केंद्र मुरलीपुरा के एक दर्जन से अधिक विद्वानों की टोली ने यज्ञ संपन्न कराया।
एक बुराई छोड़ने और एक अच्छाई ग्रहण करने के संकल्प के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई। इसके बाद सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात सुनी। यूडीएच मंत्री झाबरमल खर्रा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में जो आह्वान किया है उसे पूरा करना हम सभी का कर्तव्य है। हम सभी मानसून में अपनी मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाएं।
स्थानीय उत्पादों का अधिक से अधिक प्रयोग करें। इन दो प्रयासों से हम पर्यावरण और देश दोनों की सेवा कर सकते हैं। शांतिपाठ के साथ महायज्ञ का समापन हुआ। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता गणपत वर्मा और प्रहलाद शर्मा ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा द्वारा लिखित साहित्य भेंट कर स्वागत किया।