April 23, 2025, 9:06 pm
spot_imgspot_img

विजयादशमी शनिवार को: शहर की सड़कों पर नजर आने लगे रावण व कुंभकरण के पुतले

विशेष रिपोर्ट: रेखा गौड़

जयपुर। बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में मनाए जाने वाले पर्व विजयादशमी शनिवार को मनाया जाएगा। जिसके चलते शहर में उत्साह व उल्लास शहर में नजर आने लगा हैं। वहीं शहर आदर्श नगर, शास्त्री नगर, मानसरोवर, प्रतापनगर, राजापार्क,सोडाला, श्याम नगर, चित्रकूट, अजमेर रोड, पुरानी चुंगी, गुर्जर की थडी सहित कई जगहों पर रावण व कुंभकरण के पुतले नजर आने लगे है।

सड़क किनारे 2 से 110 फीट तक के रावण के पुतले रंग-बिरंगे मिजाज में दिखाई देने लगे हैं। अलग-अलग पुतलों का यह मिजाज उनके हाथ में मौजूद गदा, त्रिशूल, खडग धनुष-बाण से जुदा नजर आ रहा है। रावण के साथ उसके हथियारों का जखीरा ही मानो, अलग से तैयार किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन रावण व कुंभकरण के पुतले तैयार करने में करीब तीन सौ से ज्यादा परिवार जुटे हुए हैं।

इस मंडी में लगी है रावणों के पुतलों की बोली

वहीं मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे प्लास्टिक व बांस से बने घरों में रह रहे खानाबदोश लोग बेसब्री से विजयादशमी का इंतजार करते हैं। इनके मन में रावण जलाने का नहीं अपितु खूबसूरत और बेहतरीन रावण बनाने का रोमांच हिलोरें मारता है। बिना घर-बार वाले ये खानाबदोश दशहरा पर हजारों रुपए का रावण बनाकर लाखों रुपए में बेच देते हैं,जो इनका अन्नदाता है। इसलिए वे सुबह उठते ही उसकी पूजा करते हैं। विजयादशमी में एक दिन शेष है। राजधानी में अभी से मंडियां लग गई हैं।

ये सब्जी की नहीं, बल्कि रावण के पुतलों की हैं,जिनके दम पर ही खानाबदोश जीवन जीने वाले ये परिवार अपने अन्नदाता के दहन के लिए पूरे एक साल का इंतजार करते हैं। यहां लगने वाली रावण मंडी में करीब दौ सौ ज्यादा परिवार पिछले तीन माह से रावण व कुंभकरण के पुतले तैयार करने में जुटे हुए हैं। उनके पास इस समय बात करने की फुर्सत भी नहीं।

रावण मंडी के कारीगर बबलू ने बताया कि इस बार भी महंगाई के साथ मौसम की मार भी रावण पर पड़ी है। बारिश के कारण बांस, लकड़ी, रस्सी, सूत, रंग आदि महंगे हो गए हैं। इसके चलते इस बार रावण व कुंभकरण के पुतले पिछले सालों की मुकाबले आधे भी तैयार नहीं किए गए हैं। पिछले सालों में यहां 10 से 12 हजार रावण व कुंभकरण के पुतले तैयार होते थे। वहीं इस साल इनकी संख्या घटकर आधी रही रह गई हैं। हालांकि रावण के दाम इस बार भी डेढ़ गुणा तक बढ़ गए हैं। इसके चलते इस बार रावण मंडी में ऑर्डर भी कम हो गए हैं।

रावण मंडी में इस बार रावण तीन सौ रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक बिक रहे रहे हैं। छोटे पुतले तीन सौ रुपए से लेकर बीस हजार तक बिक रहे हैं। कारीगर ऑर्डर से भी रावण के पुतले तैयार कर रहे हैं।

जयपुर के अलावा मुंबई,गंगापुर,कोटा सहित अन्य शहरों में यहां से रावण बनाकर भेजे जा रहे हैं। 70 फीट से ऊंचे रावण के पुतले एक से 2 लाख रुपए तक में तैयार हो रहे हैं। वहीं रावण व कुंभकरण की तरफ लोगों को आकर्षित करने के लिए कई बदलाव भी किए जा रहे हैं। रावण बनाने के लिए मुल्तानी मिट्टी और केमिकल भी काम में लिया जा रहा है, जिससे रावण काफी देर तक जलेगा और पटाखों की धुंआ भी कम निकलेगी। इसके अलावा रावण के पुतले हाथ-पैर और गर्दन हिलाते हुए नजर आएंगे।

मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास रावण बना रहे अजय का कहना है कि वे रावण बेचकर बड़े आराम से पचास हजार से एक लाख रुपए तक कमा लेते हैं। इनके पास 110 फीट लंबा रावण है। जिसे इन्होंने खास अंदाज में तैयार किया है।

वहीं बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व पर बच्चों में भी अलग ही उत्साह नजर आता है। जहां पहले गिने-चुने स्थानों पर ही रावण दहन कार्यक्रम होता था, वहीं आज मौहल्ले और कॉलोनीज में बनी विकास समितियां मौहल्ले के मैदानों में ही दशहरा दहन करने की तैयारियों में लगी हैं। इसका उत्साह बच्चों में भी कम नहीं है, जो 8-10 की संख्या में टोली बना मौहल्ले में ही खाली स्थान पड़ा देख रावण दहन कार्यक्रम को अंजाम देती हैं।

नजर आने लगे खरीददार

इन खानाबदोशों के यहां अब रावण के पुतले खरीदने वालों की भीड़ जुटने लगी है। कई लोग तो अपने हिसाब से अपनी पसंद के पुतले बनवा रहे हैं, जिसकी ये कारीगर मुंहमांगी कीमत भी ले रहे है।

हर चौराहे पर रहेगी फायर बिग्रेड व एंबुलेंस

दशहरे पर रावण दहन के दौरान अग्नि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी चौराहों के साथ पुलिस कंट्रोल रूम और थानों पर फायर बिग्रेड के साथ ही एंबुलेंस मौजूद रहेगी। जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने नगर निगम, पुलिस और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को ग्यारह को विजयदशमी पर आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।

इस पर लगने वाले मेला और रावण दहन के दौरान अग्नि दुर्घटना से बचने के लिए सभी आयोजन स्थल के पास एक फायर बिग्रेड की गाड़ी के साथ चौराहों पर भी फायर बिग्रेड एवं एंबुलेंस रखने निर्देश दिए हैं। जयपुर में आदर्श नगर दशहरा मैदान, पुलिस थाना शास्त्री नगर, मालवीय नगर, सांगानेर, रामगंज, विद्याधर नगर, वैशाली नगर, मानसरोवर, चित्रकूट स्टेडियम, पुलिस कंट्रोल रूम यादगार पर फायर बिग्रेड की गाड़ी रहेगी और सभी थानों पर एक एक एंबुलेंस मय आवश्यक दवा एवं चिकित्सा उपकरण के तैयार रखी जाएगी।

विशेष रिपोर्ट: रेखा गौड़

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles